गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के जंगल नौवगावा में रविवार को जमीन विवाद में दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। रामसकल पक्ष अपनी भूमि बताकर जब कब्जा करने लगा तो राजमंगल पक्ष ने इसका विरोध किया और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के नहीं पहुंचने पर सड़क जाम कर दिया। दोनों पक्षों का मामला न्यायालय में लंबित है। इस संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव का आदेश है कि जब तक मामले का निपटारा नहीं होता तब कि जमीन पर यथास्थिति बनी रहेगी। इसके बावजूद एक पक्ष इस पर कब्जा करने लगा।
सूचना पर पुलिस पहुंच कर मामले को शांत कर कर आवागमन चालू कराया। थाना क्षेत्र के जंगल नौवगावा निवासी राजमंगल और बरवा बभनौली निवासी रामशकल प्रसाद में 2014 से जमीन विवाद चल रहा है। रविवार को विवाद की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंच कर कब्जे को रुकवाया और सड़क जाम खाली कराया।