फाजिलनगर। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता शाही ने बुधवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ नगर क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न वार्डों में जनसमस्याओं का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान अध्यक्ष ने सड़क, नाली, साफ-सफाई, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से देखा। कई स्थानों पर जलभराव, टूटी नालियों और गंदगी की शिकायतों पर उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए नियमित सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन स्थानों पर जल निकासी की समस्या बनी हुई है, वहां तत्काल कार्ययोजना बनाकर समाधान कराने के निर्देश भी दिए। अध्यक्ष ने कहा कि नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह, प्रधान लिपिक शुभम मिश्रा, सभासद कमलेश वर्मा, रमेश पासी, गुड्डू चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।