रामकोला। क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर बगहा में बृहस्पतिवार को डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन हुआ। गांव में डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का बेहतर माध्यम बनेगी। आज के दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। गांव के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों से लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग कर अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी से ग्रामीण युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए नियमित अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों में ऐसी सुविधाओं के विकसित होने से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी मदद मिलेगी और वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।
इस दौरान बीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार मल्ल, ग्राम पंचायत सचिव सोमनाथ सिंह, ग्राम प्रधान मंत्रीरा देवी आदि मौजूद रहे।