तमकुहीरोड। सेवरही क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित बरई टोला में पिछले सात दिनों से चल रहा श्री शतचंडी महायज्ञ और मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन शुक्रवार को हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ सकुशल संपन्न हो गया। अंतिम दिन श्रद्धा और आस्था का ऐसा संगम दिखा कि पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में आसपास के वेलवारी पट्टी, जानकी नगर, समता कॉलोनी और मालवीय नगर सहित कई गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य अर्जित किया और प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य बताया। कार्यक्रम के दौरान बाराबंकी से आई कथा वाचिका व्यास सोनम ने श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण वाचन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं यज्ञाचार्य रितेश मिश्र के सानिध्य में मुख्य यजमान धनंजय चौरसिया और अंकित कुशवाहा द्वारा सातवें सोपान की विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई।
आयोजन के सफल संचालन में राजेश चौरसिया, राजू गुप्ता, रामानंद कुशवाहा, मदन गुप्ता, पंकज चौरसिया, संजय गुप्ता, बृजेश चौरसिया और विजय गुप्ता समेत कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उत्साह देखने लायक रहा।