कलक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधि और अधिकारी। -सोशल मीडिया
कुशीनगर। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में जल, बिजली, स्वास्थ्य और पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
सांसद विजय कुमार दुबे की अध्यक्षता और सह-अध्यक्ष शशांक मणि त्रिपाठी की मौजूदगी में आयोजित बैठक में स्पष्ट कहा गया कि योजनाओं को धरातल पर उतारने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद ने कहा कि यह मंच जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान के लिए है, इसलिए अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। गर्मी को देखते हुए विद्युत व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया। ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर तारों व पोलों के बदलने और 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजली केंद्रों पर कर्मियों की उपलब्धता और संपर्क नंबरों के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। जल जीवन मिशन के तहत अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन की सराहना करते हुए कहा गया कि इससे कुशीनगर को वैश्विक पहचान मिली है और पर्यटन की संभावनाएं बढ़ी हैं। सह-अध्यक्ष शशांक मणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर प्राथमिकताएं तय कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धन की कमी नहीं है, इसलिए काम में तेजी लाई जाए और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जिले में तकनीक के माध्यम से विकास को गति दी जा रही है। “जनता दर्शन” को डिजिटल करते हुए ऐप लॉच किया गया है, जिससे शिकायतों का निस्तारण पांच से सात दिनों में होगा। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल वालंटियर तैयार करने और एआई हब स्थापित करने की भी योजना है। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति, एक्स-रे मशीन और डॉक्टरों की उपलब्धता जैसे मुद्दे भी उठे। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ‘दिशा’ समिति की सक्रियता से जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता में और सुधार होगा।
जनप्रतिनिधि की जगह उनके पति और करीब पहुंचे दिशा की बैठक में-पूर्व मंत्री
दिशा का बैठक में जनप्रतिनिधियों की जगह पर उनके पति व उनके करीबी नजर आए। इसका फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि दिशा की बैठक महत्वपूर्ण बैठक है, इसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के अलावा किसी का भी प्रवेश नहीं होना चाहिए। लेकिन दिशा की बैठक मजाक बनकर रह गई। इसकी जांच होनी चाहिए और इसमे सुधार लाने की जरूरत है।