फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: मुठभेड़ और कार्रवाई के बावजूद हाईवे से नहीं रुक रही पशु तस्करी

विज्ञापन
विज्ञापन
-पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैले इस गिरोह की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पशु तस्करों को गोली मारने और गैंगस्टर की कार्रवाई के बावजूद कुशीनगर जिले के हाईवे से प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी रुक नहीं रही है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैले से गिरोह की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस टीम लगी हुई है। गिरोह के सदस्य के करीबी कुशीनगर में भी हैं। इनके माध्यम से ही हाईवे के रास्ते पशुओं को बिहार और बंगाल तक पहुंचाया जा रहा है।
पुलिस इस गिरोह को समाप्त करने के लिए मजबूती से कार्रवाई तो कर रही है, लेकिन अभी तक मुख्य सरगना पकड़ से दूर है। यही वजह है कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर रोक नहीं लग पा रही है। हालांकि गोरखपुर जोन में सर्वाधिक गो तस्करों पर कुशीनगर पुलिस ने कार्रवाई की है। अधिकांश बदमाशों के पैर में मुठभेड़ के दौरान गोली भी लगी है। इसके बावजूद प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर लगाम नहीं लग पा रहा है।
विज्ञापन

सीमावर्ती क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए तस्कर गांवों के रास्ते बिहार में दाखिल हो रहे हैं। पुलिस का हाथ तस्करों के मुख्य सरगना तक नहीं पहुंचने के कारण तस्करी के खेल पर रोक नहीं लग पा रही है। बुधवार को मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए तस्करों ने पुलिस पूछताछ में अपने सरगना राजू सेठ, राजेश और देवरिया के जितेंद्र का नाम बताया था। तस्करों ने बताया था कि जितेंद्र ने पिकअप मुहैया कराई।

गोरखपुर जोन में सर्वाधिक कार्रवाई तस्करों पर कुशीनगर में हुई है। तस्कर जिनका नाम बताते हैं। उन तक पुलिस पहुंचने की कोशिश करती है। इसमें कई तस्करों को जेल भी भेजा गया है। तस्करों की जमानत लेने वालों की भी सूची तैयार कराई जा रही है। उनकी भूमिका की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर पशु तस्कर कार्रवाई से नहीं बच सकेंगे।
-धवल जायसवाल, एसपी, कुशीनगर


केस नंबर एक
20 जून को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के शिव सरैया स्थित नहर के समीप पुलिस व पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने थाना क्षेत्र के मोरवन मठिया निवासी इमाम हुसैन को पैर में गोली मारकर हिरासत में ले लिया, जबकि तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवा मुरलीधर निवासी अजीमुल्लाह व पटहेरवा थाना क्षेत्र के पड़री तिलक राय निवासी शफीक को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
-



केस नंबर दो
तीन फरवरी 2024 को तरयासुजान पुलिस ने थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित बहादुरपुर के समीप घेराबंदी कर एक कंटेनर में लदे 30 प्रतिबंधित पशुओं को मुक्त कराया। तस्कर भागकर हफुआ बलराम में गन्ने के खेत में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने मजबूत घेराबंदी कर दो तस्करों मेरठ के जुनैद व शाहजहांपुर के नसीम को पैर में गोली मारकर हिरासत में ले लिया, जबकि एक तस्कर को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।




केस नंबर तीन
23 दिसंबर 2023 को तरयासुजान पुलिस ने हफुआ चतुर्भुज के समीप एक कंटेनर से पशुओं को बरामद किया। पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर फायर झोंका तो जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अमरोहा के तस्कर आमिर को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान भाग रहे दो तस्करों को भी पकड़ लिया और विधिक कार्रवाई के बाद तीनों को जेल भेज दिया।




केस नंबर चार
एक सितंबर 2023 को तमकुहीराज पुलिस ने हाईवे के लतवा बाजार के समीप 25 हजार के पशु तस्करी के इनामी लतवा मुरलीधर निवासी गुलाम हसन को घेर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे घायल करते हुए गिरफ्तार कर लिया था।




केस नंबर पांच
10 मई 2023 तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवा बाजार के समीप पुलिस ने एक पिकअप को रोक चार प्रतिबंधित पशुओं को मुक्त कराया। पिकअप में सवार तीन तस्कर बड़ी नहर के पटरी से छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। पुलिस टीम ने दो तस्करों को मुठभेड़ में घायल कर हिरासत में ले लिया। जबकि एक आरोपी को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया था।



-
केस नंबर छत
10 अप्रैल 2023 को तमकुहीराज पुलिस ने स्थानीय कस्बे के हाईवे स्थित पूर्वी ओवरब्रिज चौराहा ( हरिहरपुर ) के समीप घेराबंदी कर गोंडा से बिहार लेकर जा रहे एक कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान मिले 18 पशुओं को मुक्त कराने में पुलिस सफल रही। तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

केस नंबर सात
3 अप्रैल 2023 को एक कंटेनर से 14 प्रतिबंधित पशु लेकर तस्कर बिहार जा रहे थे। इसकी भनक लगने के बाद तरया सुजान पुलिस ने हाईवे के बहादुरपुर के समीप घेराबंदी कर तस्करों की टोह में लग गई। इसी दौरान लखनऊ निवासी पशु तस्कर गयासुद्दीन कुरैशी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस मुठभेड़ में गयासुद्दीन को पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
00000000
पांच माह में 218 तस्करों पर गैंगस्टर की कार्रवाई

कुशीनगर पुलिस ने पांच माह में 218 पशु तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। कुल 251 बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में पशु तस्करी में शामिल आरोपियों की संख्या अधिक है। अगर संपत्तियों के जब्त किए जाने की बात करें तो तकरीबन चार करोड़ की संपत्ति पशु तस्करों की जब्त की गई है। इसके बावजूद पशुओं की तस्करी पर रोक नहीं लग पा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस अब पशु तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना के करीब तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। क्योंकि मुख्य सरगना के संपर्क में कुशीनगर के भी कुछ तस्कर हैं, जिनके जरिये जिले के हाईवे से होकर बिहार और वहां से प. बंगाल तक पशुओं की खेप पहुंचाई जाती है। पशुओं की खेप बंगाल तक पहुंचने के बाद मुंहमांगी कीमत भी मिलती है।
विज्ञापन

000000
हाईवे पर सख्ती तो पगडंडी रास्ते बने सहारा
बिहार बॉर्डर से लगे इलाकों के रास्ते भी पशुओं की तस्करी की जा रही है। हाईवे पर पुलिस की सख्ती के बाद पशु तस्करों ने इस खेल को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पगडंडी रास्तों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। कंटेनर और पिकअप की बजाय एक-एक कर पशुओं को यूपी से बिहार में प्रवेश करा दिया जाता है, और वहां से अलग-अलग रास्तों से होकर पशुओं की खेप बंगाल तक पहुंचाने की कोशिश की जाती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें