25 पेटी अवैध देसी शराब के साथ तीन गिरफ्तार
बरामद शराब की कीमत करीब एक लाख रुपये है
शराब को बिहार ले जा रहे थे तस्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। पुलिस ने तस्करी के लिए बिहार ले जाई जा रही बृहस्पतिवार को 25 पेटी देसी शराब पकड़ी। इसके साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद एसओ सुधीर कुमार सिंह मयफोर्स राष्ट्रीय राजमार्ग-28बी स्थित बैरिया चौराहे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक कार तेज गति से आ रही थी। शक होने पर उसे रोककर जांच-पड़ताल की तो उसमें 25 पेटी अवैध देसी शराब लदी हुई थी। पुलिस ने कार में बैठे सोनू मिश्र निवासी भलुही, थाना बड़हरिया, जिला सिवान, अन्नू यादव निवासी जिगना थाना मीरगंज जिला गोपालगंज व पंकज कुमार चौहान निवासी मधुरिया चौहानपट्टी थाना तुर्कपट्टी को गिरफ्तार कर लिया। कार में दो फर्जी गाड़ी के नंबर प्लेट भी बरामद हुए हैं। पुलिस बरामद शराब की कीमत करीब एक लाख रुपये बता रही है।
पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई थी। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ सुधीर कुमार सिंह, एसआई हरेराम सिंह, संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल अजीत सिंह, सतीश कुशवाहा शामिल रहे। सीओ पीयूषकांत राय ने बताया कि अवैध देसी शराब के साथ पकड़े गए व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।