मथौली। मोतीचक विकास खंड के ग्राम पंचायत बरवा में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पंचायत उत्सव भवन का मंगलवार को पंचायती राज विभाग के उप निदेशक एसएन सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी और अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी और एडीओ पंचायत राम आशीष गौतम ने उप निदेशक का बुके व माल्यार्पण कर स्वागत किया। उप निदेशक ने निर्माणाधीन भवन का जायजा लेते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि भवन का लाभ ग्रामीणों को समय पर मिल सके। करीब 35 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में बनने वाला पंचायत उत्सव भवन पंचायत स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके निर्माण से पंचायत बैठकों, जनकल्याणकारी गतिविधियों और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दे रही है। पंचायत उत्सव भवन जैसी परियोजनाएं गांवों के समग्र विकास और पंचायतों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, एडीओ पंचायत राम आशीष गौतम, ग्राम पंचायत सचिव अशोक कुमार सिंह, प्रधान प्रतिनिधि सतेंद्र सिंह (बंटी गुप्ता) सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।