उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सीएचसी फाजिलनगर में व्यवस्था का जायज
फाजिलनगर। बड़हरा चौराहे पर निजी विद्यालय का उद्घाटन करने सोमवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आएंगे। इसको लेकर प्रशासन अलर्ट है। रविवार को सीएमओ और कसया एसडीएम ने फाजिलनगर सीएचसी का निरीक्षण कर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए।
रविवार दोपहर करीब दो बजे सीएचसी पहुंचे सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश और एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, वार्डों की स्थिति और चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता की जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि उप मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति प्रदर्शित होनी चाहिए। इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय से उपस्थित रहने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करने को कहा। इसके अलावा अस्पताल परिसर में पेयजल, शौचालय, बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल उसे दूर किया जाए।
इस दौरान अधीक्षक डॉ. उमाशंकर नायक, लेखपाल नंदलाल पाठक, अनुज तिवारी, प्रशांत कुमार, गांधी यादव, मकबूल आदि मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सीएचसी फाजिलनगर में व्यवस्था का जायज