उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी गरीबों को ध्यान में रखकर पक्का मकान दिया गया है। आज गरीब भी पक्के मकान में सोता है। कभी भी किसी माता बहन का पेट खराब हो जाता था तो काफी परेशान हो जाती थीं, लेकिन अब हर घर एवं हर जगह शौचालय बनवाकर यह समस्या खत्म कर दी गई।
कहा कि सभी माताओं-बहनो को धुआं से मुक्ति दिलाने के लिए मुफ्त में गैस सिलेंडर व कनेक्शन दिया गया। गरीबों को मुफ्त में राशन देकर हमारी सरकार कोरोना जैसी महामारी में भी लोगों को भूखमरी का शिकार नहीं होने दी। राशन पाकर गरीब खुश हैं। किसान सम्मान निधि पाकर किसान खुश हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर को शुद्ध पेयजल मिलने वाला है। प्रत्येक चुनाव में राम मंदिर का मुद्दा रहा करता था। आज वह मुद्दा खत्म हो गया।
इसे भी पढ़ें: 2.36 मिनट के वीडियो में दिख रही बेखौफ बदमाशों की दरिंदगी, पीड़िता बोली- मुझे कहीं का नहीं छोड़ा
उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर हम कहते थे, जब हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन विपक्षी कहते थे डेट बताइये, आज उनको जवाब मिल गया। राममंदिर को लेकर पूरी तैयारियां है। मंदिर 2024 में दर्शन के लिए खुल जाएगा। रामलला का दर्शन पूरी दुनिया करेगी। हमारे पीएम मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 का मुद्दा भी खत्म कर दिया।
कहा कि विपक्षी कहा करते थे कि खून की नदियां बहेंगी, लेकिन एक मच्छर तक का भी खून नहीं बहा। आज कोई भी गुंडा-मवाली बाहर नहीं है। वह या तो जेल में है या ऊपर चला गया। बहन बेटियों को पढ़ने आते जाते समय शोहदे छेड़ते थे। आज लगभग 25,000 मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। बहन बेटियां अपने को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश में कभी बिजली का दिन में रात में शिफ्ट हुआ करता था, लेकिन आज शहरों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली मिल रही है।
इस दौरान सांसद विजय कुमार दुबे, कुशीनगर विधायक पीएन पाठक सहित भाजपा के सभी प्रत्याशी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।