पडरौना। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए विभाग ने नई कवायद शुरू की है। विभाग ने तय किया है कि निदेशालय व जिला स्तर के अधिकारी कक्षा छह से 12वीं तक के एक-एक विद्यालय को गोद लेंगे। वे इन विद्यालयों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आदर्श बनाएंगे।
शासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। अब अधिकारी हाईस्कूल और इंटर के विद्यालयों को गोद लेकर बुनियादी सुविधाएं बेहतर करेंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा कि निदेशालय स्तर के अधिकारी निदेशालय या उसके आसपास के एक विद्यालय का चयन करेंगे। मंडल स्तर के अधिकारी अपने मंडल या पास के जिले के विद्यालय व जिला स्तर के अधिकारी अपने जिले के एक विद्यालय का चयन करेंगे। अधिकारी ऐसे विद्यालयों को गोद लेंगे, जहां सुविधाओं की जरूरत हो। गोद लिए इनकी कमियों को योजनाओं से दूर कराएंगे।
राजकीय विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए गोद लेने की योजना चल रही है। स्कूल को गोद लेकर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा। - रविंद्र सिंह, डीआईओएस।