पांच घंटे देर से पहुंची डेमू, परेशान रहे यात्री
- फोटो : अमर उजाला
सेवरही(कुशीनगर)। एक दिन पहले ही आग लगने व इंजन खराब होने से चर्चा में रही डेमू ट्रेन बुधवार को भी करीब चार घंटे देर से चली। इस वजह से तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन से बिहार की तरफ जाने वाले यात्रियों को दिक्कत हुई। इस ट्रेन से गोरखपुर से सेवरही कस्बे में आने वाले लोगों को भी परेशान होना पड़ा।
कप्तानगंज-थावे रूट पर चलने वाली डेमू ट्रेन अक्सर ही किसी न किसी वजह से चर्चा में रहती है। मंगलवार की दोपहर में सीवान से गोरखपुर जा रही इस ट्रेन के पिछले हिस्से से धुआं निकलता देख तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई थी। ट्रेन यहां से आगे बढ़ी तो दुदही में इंजन खराब हो गया। किसी तरह से ट्रेन देर रात गोरखपुर पहुंची थी। बुधवार की सुबह गोरखपुर से चली इस ट्रेन को प्रात: 7:40 बजे तमकुहीरोड स्टेशन पर पहुंचना था। लेकिन ट्रेन दोपहर करीब 12 बजे यहां पहुंच पाई। इसके चलते बिहार प्रांत के सीवान और उससे आगे की यात्रा करने वालों को काफी दिक्कत हुई। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री कमलेश, रवीद्र, मोहित आदि ने बताया कि ट्रेन लेट होने के कारण वे दूसरी गाड़ी से सीवान जा रहे हैं नहीं तो उनकी आगे की यात्रा के लिए ट्रेन छूट सकती है।भाजपा नेता बृजभूषण मिश्र, प्रहलाद प्रसाद केशरी, विनय तिवारी, धाम बाबू वर्मा, पप्पू जायसवाल ने डेमू ट्रेन की स्थिति में सुधार करने व इस रूट पर नई सवारी गाड़ियों के संचालन की मांग की है। इस संबंध में तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर अवधेश तिवारी का कहना है कि ट्रेन का संचालन सिस्टम स्टेशन कर्मियों के हाथ में नहीं है। बार-बार इस ट्रेन के लेट होने की स्थिति से वरिष्ठ अफसर भी अवगत हैं।