प्रदर्शन करते माधोपुर बुजुर्ग गांव के लोग।स्रोत-सोशल मीडिया
गंगुआ बाजार। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत माधोपुर बुजुर्ग के ग्रामीणों ने प्रधान की अगुवाई में तहसील पहुंच कर ब्रह्मस्थान की भूमि पर अवैध कब्जा दखल हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन के बाद एसडीएम आकांक्षा मिश्र को पत्रक देकर अवैध कब्जा दखल हटाने की मांग की।
ग्रामीणों के शिकायती पत्र को संज्ञान लेकर एसडीएम ने तहसीलदार तमकुहीराज को राजस्व टीम गठन कर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया। सोमवार को तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत माधोपुर बुजुर्ग के प्रधान सुबिंद चौहान के अगुवाई में दर्जनों ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने गांव के एक व्यक्ति पर ब्रह्मस्थान की चहारदीवारी के अंदर अवैध कब्जा दखल करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में स्थित ब्रह्मस्थान की भूमि पर हुए चहारदीवारी के अंदर एक परिवार अवैध कब्जा किया गया है। मामले में तहसीलदार न्यायालय से बेदखली का आदेश लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हो गया है। तमाम बार तहसील प्रशासन को शिकायती पत्र देने के बावजूद मौके से अवैध कब्जा नहीं हटाया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन के उपरांत ग्रामीणों ने एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्र को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग किया। एसडीएम ने मामले में राजस्व टीम का गठन कर अवैध कब्जा दखल हटाने का निर्देश दिया।