पुल की मरम्मत की मांग लेकर प्रदर्शन करते लोग। स्रोत-सोशल मीडिया
तमकुहीराज। स्थानीय कस्बा के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के जिम्मेदारों पर झरही नदी के क्षतिग्रस्त पुल का मरम्मत कार्य न कराने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि हाइवे पर एक विद्यालय के समीप झरही नदी के पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण तहसील मुख्यालय के सामने हाइवे अथॉरिटी ने बेतरतीब ढंग से अवरोधक लगाया है। इसके कारण तहसील गेट के समीप बने क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक बढ़ गई है। उन्होंने फोरलेन के जिम्मेदारों से क्षतिग्रस्त पुल का शीघ्र मरम्मत करा फोरलेन के सभी लेनों का सुचारु रूप से संचालन किए जाने की मांग की।
लोगों ने कहा कि यात्री सुविधाओं के लिए तमाम तरह की टैक्स वसूलने जाते हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त पुल का मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु रूप से संचालित करने के बजाए करीब एक माह से क्षतिग्रस्त पुल के लेन को बंद कर रूट डायवर्ट कर अपने दायित्वों से पल्ला झाड़ लिया है। तहसील मुख्यालय के सामने स्थित क्रॉसिंग पर बेतरतीब ढंग से अवरोधक लगाए जाने एवं रूट डाइवर्जन के कारण फोरलेन पर दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ गई है। रूट डायवर्जन के कारण क्रॉसिंग से फोरलेन पार करना काफी खतरनाक साबित हो रहा है। उन्होंने जिम्मेदारों को चेतावनी दिया कि समय रहते क्षतिग्रस्त पुल का मरम्मत कार्य कराकर फोरलेन के सभी लेनों से आवागमन सुचारु रूप से संचालित नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है। इस दौरान योगेंद्र यादव, बलिराम गुप्ता, मंटू, सचिन यादव, सुरेन्द्र यादव, समसुद्दीन आदि मौजूद रहे।