तमकुहीराज कुशीनगर जिले का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। तमकुही ग्राम पंचायत में तहसील मुख्यालय, पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय, विद्युत उपकेन्द्र, विकास खण्ड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय, जलनिगम, रेशम विभाग, बाल विकास परियोजना कार्यालय, पुलिस चौकी, पूर्ति निरीक्षक कार्यालय, एफसीआई गोदाम समेत कई अन्य सरकारी एवं अर्ध सरकारी कार्यालय, बैंक, निजी चिकित्सालय, कई स्कूल हैं। जनपद का सबसे बड़ी सब्जी मंडी भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं। यूपी एवं बिहार बार्डर का मुख्य कस्बा होने के कारण यहां पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में दूर दराज के लोग आकर विभिन्न जगहों के लिए सफर करते हैं।
इस कस्बा सहित क्षेत्र की आबादी वर्तमान में पचास हजार से अधिक हो गई है। हरिहरपुर, कोईन्दी, भटवलिया के अधिकांश क्षेत्र तमकुही कस्बा से जुड़े हुए हैं। लेकिन नगर पंचायत नहीं होने के कारण इस कस्बा में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरेन्द्र तिवारी का कहना है कि पथ प्रकाश, सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होना यहां की सबसे बड़ी समस्या में से एक है। चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा रहता है। कस्बा के महातम प्रसाद, लल्लन मधेसिया, राजकुमार प्रसाद, संजय सिंह पटेल, आलोक मिश्र, रंजन राय आदि का कहना है कि नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने की मांग बार बार की जाती है लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि का ध्यान इधर नहीं जा पा रहा है। विगत दिनों देवरिया के सांसद कलराज मिश्र से इसके लिए पहल करने की मांग की गई थी। क्षेत्र के मैनेजर चौहान, गफूर अंसारी, अशोक तिवारी, सुजीत गुप्ता, सदीक खां, मुन्ना चौहान, जयप्रकाश गुप्ता, जितेन्द्र सिंह आदि ने तमकुहीराज को नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने की मांग की है।