कसया। तहसील क्षेत्र के गांव तुर्कवलिया दरियाव सिंह और बकनहा के किसानों ने मंगलवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर बाड़ीपुल चौराहा से अहिरौली बाजार जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण में पड़ने वाली जमीन के मुआवजे की मांग की।
सपा नेता राजेश प्रताप राव के नेतृत्व में तुर्कवलिया दरियाव सिंह और बकनहा गांव के किसानों ने तहसीलदार कसया को पत्रक सौंपा। उन्होंने बताया कि बाड़ीपुल चौराहा से अहिरौली बाजार जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। उक्त सड़क एक दशक पूर्व से 20 कड़ी चौड़ाई में चकमार्ग की भूमि में है। सड़क सरकारी कागजात में अंकित नक्शे से ज्यादा चौड़ी बन रही है। किसानों की भूमि का उचित मुआवजा दिलाया जाए। राजेश प्रताप राव ने बताया कि सभी ग्रामसभा के प्रभावित किसानों की की भूमि का उचित मुआवजा मांगा जा रहा है। इस दौरान विजयकांत मिश्र, प्रसुन्न जायसवाल, मेहदी हसन, सुरेश, निजामुद्दीन, नसरुल्लाह अंसारी, अजय शर्मा, तेज बहादुर, मुस्तफा आदि मौजूद रहे।