पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों,वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में डीएम ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों का स्वागत किया तथा पिछली बैठक में उठाए गए प्रकरणों की समीक्षा की। इसके बाद सैनिक बंधु बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। बैठक में कुल 21 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां शामिल हुईं। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों एवं एक सेवारत सैनिक की ओर से कुल चार प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें न्यायालय में लंबित वाद, भूमि पैमाइश तथा चकरोड निर्माण कार्य से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। प्रशासन उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी, सूबेदार हरपिंद्र सिंह (एनसीसी बटालियन, पडरौना), कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन शम्सुद्दीन अंसारी, कैप्टन दयाशंकर पाण्डेय, हवलदार शारदा प्रसाद, पीएलवी अमिताभ कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।