गुरवलिया बाजार। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के मठिया गांव में पिच सड़क व चकरोड से मंगलवार को अतिक्रमण हटा दिया गया। एसडीएम आकांक्षा मिश्रा के निर्देश पर हुई कार्रवाई से सार्वजनिक मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
गांव के एक युवक ने सड़क व चकरोड पर मिट्टी, ईट व मलबा रखकर रास्ता बाधित करने की शिकायत की थी। एसडीएम ने हलका लेखपाल अविनाश गुप्ता को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान लेखपाल ने संबंधित लोगों को तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। समय सीमा समाप्त होने पर ग्रामीणों ने आपस में चंदा एकत्र कर जेसीबी मशीन मंगवाई और रास्ते से मिट्टी व मलबा हटवाना शुरू कराया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों ने भी सहयोग किया। कुछ ही घंटों में सड़क व चकरोड पूरी तरह खाली हो गया।