हिरण का बच्चा रेंजर को सौंपा गया
रामकोला। थाना क्षेत्र के चंदरपुर गांव के समीप गन्ने के खेत में रविवार की रात में हिरण का बच्चा मिला। बमुश्किल एक सप्ताह की उम्र वाले इस खूबसूरत बच्चे को कुत्तों के झुंड ने घेर रखा था। ग्रामीणों ने इसे बचाकर पुलिस को सूचना दी। रामकोला पुलिस ने वन विभाग के रेंजर को सुपुर्द कर दिया।
रविवार की रात में करीब आठ बजे चंदरपुर गांव के एक गन्ने के खेत में कुत्तों का झुंड किसी जानवर को देखकर भौंक रहा था। गांव वाले आशंका वश वहां पहुंचे तो हिरण का छोटा सा बच्चा दुबककर खड़ा था। लोगों ने कुत्तों को वहां से खदेड़ा और हिरण के बच्चे को उठाकर गांव ले आए। रामकोला पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रामकोला पुलिस शावक को अपने साथ ले गई। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे वन विभाग के रेंजर बच्चे को अपने साथ ले गए।