संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत
फाजिलनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत फाजिलनगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने दहेज के लिए हत्या करने और पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
फाजिलनगर बाजार निवासी नजरुन नेशा पत्नी जमशेद आलम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। वह गर्भवती थी। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव छंहू निवासी मृतका के पिता मुश्ताक अहमद ने रविवार की सुबह पटहेरवा थाने में तहरीर दी कि दो वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री नजरुन नेशा का निकाह हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी के ससुरालवालों की तरफ से बार-बार दहेज की मांग की जा रही थी। उसके लिए उसे मारा-पीटा भी जा रहा था। ससुरालवालों ने रविवार को सुबह सूचना दिया कि नजरुन को प्रसव पीड़ा होने पर गोरखपुर ले जा रहे हैं। जब आस-पास पता किया तो उनकी पुत्री के घर पर होने की बात पता चली। उसकी मौत हो चुकी थी। आरोप है कि पहले तो थानेदार ने लॉकडाउन का हवाला देकर हीलाहवाली की, लेकिन घटना उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इस संबंध में चौकी प्रभारी नंदा प्रसाद सोनकर का कहना है कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी।