तमकुहीरोड। कुश्ाीनगर जिले के तिवारीपट्टी गांव में सड़क पर अतिक्रमण कर बनवाए गए जिन घरों को तहसील प्रशासन ने बीते 14 जनवरी को जेसीबी से तोड़वा दिया था, उसका मलबा हटाने सोमवार को तहसील प्रशासन सोमवार को पुन: मयफोर्स पहुंचा। प्रशासन ने जेसीबी से पूरा मलबा हटवा दिया, क्योंकि अतिक्रमण हटाने के बाद भी कुछ लोग सड़क की जमीन पर कब्जा किए हुए थे।
सेवरही थाना क्षेत्र के तिवारीपट्टी गांव में सोमवार को एक बार फिर मलबा हटाने का अभियान चलाया गया। पूर्व में शंभू जायसवाल ने अपने खेत के बगल से गुजर रही सड़क पर 36 लोगों की तरफ से अवैध कब्जा कर लिए जाने और सड़क पर पक्का निर्माण करा लेने की शिकायत हाईकोर्ट में की थी। इस पर हाईकोर्ट ने सड़क से अतिक्रमण हटाए जाने का निर्देश तहसील प्रशासन को दिया था। आदेश के अनुपालन में पिछले 14 जनवरी को तहसील प्रशासन ने मयफ़ोर्स पहुंचकर घरों को तोड़वा दिया था। इसमें तहसील प्रशासन को गांववालों के काफी विरोध का सामना करना पड़ा था।
उसी मामले में दूसरी बार हाईकोर्ट ने मलबा हटवाकर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था, जिसके अनुपालन में सोमवार को तमकुहीराज के तहसीलदार राम प्यारे, नायब तहसीलदार विकास कुमार सिंह, एसओ सेवरही श्रीप्रकाश, चौकी इंचार्ज प्रवेश कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव की अगुवाई में भारी पुलिस बल एवं राजस्व कर्मियों के साथ तहसील प्रशासन गांव में पहुंचा और जिन लोगों ने दोबारा सड़क पर कब्जा कर लिया था, उन्हें न केवल हटाया गया, बल्कि जेसीबी लगाकर पूरे सड़क से मलबा भी साफ कराया गया।
इस अभियान में अशोक वर्मा, जयंत गुप्ता, सुरेश शर्मा, देवचंद प्रसाद, अश्वनी राय, राधेश्याम मणि, नकछेद साह, राजीव रंजन, धनंजय, मुकेश कुमार, रामप्रवेश सहित तहसील के 50 से अधिक लेखपाल एवं पुलिस के जवान शामिल थे।