दुदही। शनिवार को कोकिलपट्टी परीक्षा केंद्र पर इंटर की परीक्षा देने जा रहा एक परीक्षार्थी चटगंवा पुल के पास बड़ी नहर में डूब गया। नहर की पटरी पर शौच के लिए गए इस परीक्षार्थी का पैर फिसल जाने की वजह से यह हादसा हुआ। इस परीक्षार्थी को डूबता देख उसके साथ मौजूद चचेरे भाई ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगा। नहर की पटरी पर कुछ दूरी पर मौजूद दो महिलाओं ने अपनी साड़ी खोलकर रस्सी बनाया और डूबते दूसरे युवक को बाहर निकाल लिया।
मौके पर पहुंचे अन्य लोगों ने नहर में कूदकर डूबे परीक्षार्थी को भी कुछ देर बाद बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृत परीक्षार्थी बिहार प्रांत का निवासी था जो सेवरही क्षेत्र के एसजीएम इंटर कालेज बंती नगर से इंटर के परीक्षार्थी के तौर पर राधाकृष्ण मेमोरियल इंटर कालेज कोकिलपट्टी में परीक्षा दे रहा था। हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ।
बिहार प्रांत के कलीमपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अरविंद कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह एसजीएम इंटर कालेज बंती नगर सेवरही में इस वर्ष इंटर का छात्र था। राधा कृष्ण मेमोरियल इंटर कालेज कोकिल पट्टी में उसकी परीक्षा चल रही थी। शनिवार को भौतिक विज्ञान की परीक्षा देने के लिए अरविंद अपनी बाइक से चचेरे भाई आजाद सिंह के साथ परीक्षा केंद्र पर जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे विशुनपुरा थाना क्षेत्र स्थित बडी गंडक नहर के चटगंवा पुल के पास इन्होंने बाइक रोकी। कहा जा रहा है कि अरविंद नहर की पटरी पर शौच के लिए गया था, इस दौरान उसका पैर फिसल गया।
वह नहर के पानी में डूबने लगा तो कुछ दूरी पर बाइक पर खड़े चचेरे भाई आजाद सिंह ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। परंतु नहर में पानी अधिक होने की वजह से आजाद भी डूबने लगा। नजदीक ही बांसगांव टोला जटवलिया की रहने वाली मालती और सुरजी घास काट रही थीं।
दोनों युवकों को डूबता देख महिलाओं ने अपनी साड़ी खोलकर उसे रस्सी की तरह बनाकर नहर में फेंका। साड़ी की इस रस्सी के सहारे महिलाओं ने डूब रहे आजाद को बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली। तब तक घटना स्थल पर काफी लोग जुट गए थे। लोगों ने नहर में उतरकर डूबे परीक्षार्थी की तलाश की। कुछ देर बाद ही अरविंद को भी बाहर निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पाकर घरवाले भी पहुंच गए।
एसओ विशुनपुरा कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उसे बचाने के प्रयास में डूब रहे चचेरे भाई की हालत ठीक है। दुदही सीएचसी में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया है।