पिपरा कनक चौराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट से व्यक्ति की मौत की सूचना पर पहुंची पुलि?
- फोटो : KUSHINAGAR
पिपरा कनक चौराहे पर ट्रैक्टर की चपेट से मोपेड चालक की मौत
समउर बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपरा कनक चौराहे पर बुधवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट से मोपेड सवार व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मोपेड को चपेट में लेने के बाद ट्रैक्टर सड़क के किनारे दुकान में घुस गया। संयोग था कि दुकान बंद होने के चलते कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
पड़ोसी प्रांत बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरवा निवासी सुबाष मिश्र (55) मोपेड से रिश्तेदार के घर फाजिलनगर जा रहे थे। पटहेरवा-बसडीला मार्ग से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने पिपरा कनक चौराहे पर मोपेड को चपेट में ले लिया, जिससे सुबाष बुरी तरह घायल हो गए। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली दुकान में घुस गया। चौराहे पर अफरातफरी मच गई। लोग घायल सुबाष को सीएचसी फाजिलनगर ले गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। एसओ मृत्युंजय सिंह ने बताया कि घायल सुबाष की रास्ते में ही मौत हो गई। फाजिलनगर सीएचसी के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शव को को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।