मोतीपाकड़ के युवक की दुबई में मौत
मौत की खबर सुनते ही परिवार में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
अहिरौली बाजार। क्षेत्र के मोतीपाकड़ निवासी 30 वर्षीय लक्ष्मण गौड़ की दुबई में मौत हो गई है। परिवार की स्थिति सुधारने के लिए डेढ़ वर्ष पूर्व लक्ष्मण विदेश गए थे। वहां बीमारी से बुधवार को मौत हो गई। बृहस्पतिवार की रात मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
लक्ष्मण गौड़ पुत्र लालजी गौड़ डेढ़ साल से दुबई के रायल फर्नीचर कंपनी में कार्य कर रहे थे। 27 नवंबर को लक्ष्मण की तबीयत खराब हो गई तो कमरे में रह रहे साथी अस्पताल लेकर गए। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम प्रधान पवन तिवारी ने बताया कि लक्ष्मण के पिता लालजी गौड़ गुजरात में फर्नीचर का कार्य करते हैं। पत्नी उषा देवी पर दो छोटे बच्चों चंदन (6) एवं कार्तिक (7 माह) की परवरिश का जिम्मा है। गांव के रामभवन, नन्दू गौड़, महेश, हरेराम तिवारी, मुंसी सिंह, अयोध्या प्रसाद आदि ने बताया कि शव को विदेश से वापस गांव मंगाने के लिए प्रयास हो रहा है।