पडरौना/मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में घर से दो दिनों से लापता महिला की लाश शनिवार को सुबह दरवाजे पर बनी शौचालय की टंकी में मिली। खबर मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। टंकी का ढक्कन हटाकर लाश को बाहर निकाला गया।
महिला के गर्दन और सिर पर चोट के निशान थे। घर वाले महिला की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर पहले ही गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया था। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला की हत्या के बाद शव को शौचालय की टंकी में डालकर हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया है। अहिरौली गांव के निवासी चौकीदार घुरहू यादव की पत्नी गीता देवी (50) दो दिन पूर्व बृहस्पतिवार की शाम को किसी पहचान वाले के साथ बाइक से कही चली गई। गीता को किसी व्यक्ति के साथ बाइक पर जाते उसकी बहू गुड़िया यादव ने देखा, लेकिन बाइक सवार को नहीं पहचान सकी। काफी देर बाद भी गीता वापस नहीं लौटी तो घरवाले चिंता में पड़ गए, रिश्तेदारोें और गांव में तलाश के बाद पता नहीं चला तो घुरहू यादव ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस गुुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश कर रही थी। शनिवार की सुबह करीब छह बजे घुरहू की बहू गुड़िया शौचालय में गई तो टंकी का ऊपर का ढक्कन थोड़ा हटा था, जब उसमें वह देखी तो उसकी सास गीता देवी का सिर दिखा। उसके शोर मचाने पर परिजनों और गांव वालों की भीड़ जुट गई। गांव वालों की मदद से परिजन शौचालय के टंकी से महिला के लाश को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। महिला के सिर और गर्दन पर चोट के निशान थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बहू और चौकीदार से गीता के घर से गायब होने से लेकर अब तक की अलग-अलग जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।