हाटा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। गांव वालों की मानें तो युवक कुछ माह से नशे का आदी हो गया था।
टिकरी गांव निवासी संजय तिवारी (26) का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। गांव वालों के अनुसार तीन भाइयों में संजय सबसे छोटा था। बड़ा भाई बैजनाथ तिवारी गोरखपुर में अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि बीच के भाई संगम तिवारी पत्नी और एक छोटी बच्ची के साथ गांव में ही रहते हैं। बताया जा रहा है कि संजय तिवारी कुछ समय से शराब की लत लग गई थी। परेशान होकर परिजन नशा मुक्ति केंद्र से भेजे थे, कुछ दिन पूर्व वह नशा मुक्ति केंद्र से घर आया था।
परिजनों ने बताया कि संजय की अभी शादी नहीं हुई थी। पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। परिजन घटना से गहरे सदमे में हैं। खुदकुशी करने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। कोतवाल रामसहाय चौहान ने बताया कि मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।