हाटा। नगर के हरि टोला मोहल्ले के रहने वाले किशन विश्वकर्मा की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतका के मायके वालों को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है दो वर्ष पहले शादी हुई थी। हाटा नगर के हरि टोला मुहल्ले के रहने वाले किशन विश्वकर्मा की शादी दो वर्ष पहले कसया थाना क्षेत्र की रहने वाली रीमा से हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह रीमा देवी और उसके पति किशन के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद रीमा देवी घर के दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चली गई थी। दोपहर के समय जब रीमा काफी देर नीचे नहीं आई तो किशन छत के कमरे की ओर गया। उसने देखा कि रीमा छत की कुंडी में लगे फंदे से लटक रही थी। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों की मदद उसे नीचे उतारा और उसे लेकर सरकारी अस्पताल पर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके बाद वह लोग शव को लेकर घर चले आए। इसी बीच इस घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दी और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाल सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक के मायके वाले अभी आए नहीं है। उनके यहां पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। जांच में जो बातें सामने आएंगी उसी के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।