पडरौना। जिले में दशहरी, चौसा और लंगड़ा आम की भरमार है। बारिश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि आम सस्ता हो जाएगा, लेकिन दाम में कोई खास गिरावट नहीं आई। दशहरी आम अभी भी 100 रुपये में डेढ़ किलो बिक रहा है।
रेलवे स्टेशन रोड, तहसील चौराहा, कोतवाली रोड, तिलक चौक और सुभाष चौक के आसपास सुबह आठ बजे से ही आम की पेटियां खुलने लगती हैं। दशहरी की पीली-पीली त्वचा, चौसे का सुनहरा रंग और लंगड़े की मीठी महक ग्राहकों को अपनी तरफ खींच रही है। आम विक्रेता जितेंद्र कुमार, सलाउद्दीन अंसारी, राहुल, अमरजीत आदि ने बताया कि बारिश से फसल को नुकसान नहीं हुआ, उल्टा माल की आवक बढ़ गई है। पर डिमांड भी बहुत है इसलिए दाम स्थिर हैं। बाजार में दशहरी आम 100 रुपये में 1.5 किलो, यानी करीब 65-70 रुपये किलो बिक रहा है। सबसे ज्यादा मांग इसी आम की है। चौसा के रेट 100 रुपये किलो है। 80-90 रुपये किलो बनारस और बलिया का लंगड़ा बिक रहा है।