तमकुहीरोड। कुशीनगर महोत्सव के छठवें दिन शनिवार की रात को किसान पीजी कॉलेज सेवरही के किसान हाल में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमे भोजपुरी गायिका अनुपमा यादव, करीना पांडेय, शोभिता पांडेय एवं सुरसंग्राम प्रतिभागी विजय भारती के गीत संगीत की ऐसी समां बांधी कि पंडाल में मौजूद दर्शक देर रात तक गीत-संगीत में सराबोर रहे।
कुशीनगर महोत्सव के छठवे दिन शनिवार को रात में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी द्वारा मंच पर मौजूद सभी कलाकारों को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित करने के साथ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि विनय राय की ओर से महोत्सव का आयोजन कर कुशीनगर जिले सहित पूरे पूर्वांचल के सांस्कृतिक पहचान को विस्तार देने का कार्य किया जा रहा है, जो कुशीनगर सहित पूरे पूर्वांचल के लोगों के लिए यह गौरव की बात है।इसके बाद शुरू हुए गीत संगीत के सागर मे दर्शक देर रात तक गोते लगाते रहे। इस दौरान कुशीनगर महोत्सव के विनय राय, पडरौना नगर पालिका के अध्यक्ष विनय जायसवाल, किसान पीजी कॉलेज के प्रबंधक दीपक राय, कुशीनगर नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि कस्तूरचंद जायसवाल आदि मौजूद रहे।