मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र के मठिया माइनर शनिवार की सुबह डुमरी गांव के सामने टूट गई। इससे माइनर का पानी आसपास के खेत में पसर गया, जिससे किसानों की कई एकड़ खेत में लगी तिलहन व गेहूं की फसल जलमग्न हो गई।
डुमरी गांव के प्रधान प्रतिनिधि राजीव मिश्र, संदीप मिश्र आदि किसानों ने बताया कि माइनर टूटने से खेत में एकत्र हुआ पानी से फसल बचाने का मौका भी नहीं मिला। देखते ही देखते खेतों में खड़ी फसल डूब गई। लोगों की सूचना मिलने के बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और माइनर में पानी की आपूर्ति को रोकने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से टूटी नहर की मरम्मत कराई गई।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पानी का बहाव नियंत्रित हुआ और किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सुमित जायसवाल ने बताया कि सूचना के बाद टूटे नहर की मरम्मत करवा दी गई है।