गर्मी के चलते शहर की सड़क किनारे खड़े लोग। संवाद
पडरौना। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। क्षेत्र के कई गांवों में लगातार हो रही कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि रात में बिजली गुल रहने से लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर समय बिताने को मजबूर हैं।
पिरोजहा, पिपराघाट, रक्बा जंगलीपट्टी, जवही देयाल, भावपुर, विरवट कोन्हवलिया, बाघाचौर, टिकुलिया, राजपुर बगहा, जीरो बांधा, मिश्रौली और परसा उर्फ सिरिसिया समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई-कई घंटों तक नहीं, बल्कि लगभग पूरे दिन बिजली गुल रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार, जब लाइनमैन से संपर्क किया जाता है तो जवाब मिलता है कि “पूरी सप्लाई नहीं मिल रही है, इसलिए बिजली धीमी गति से दी जा रही है।” लेकिन हकीकत यह है कि लोगों को जरूरत के समय बिजली नहीं मिल पा रही है।
रात में बिजली न रहने से लोग घरों में नहीं रुक पा रहे हैं और सड़कों या खुले स्थानों पर टहलते हुए पूरी रात गुजार रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन न तो कोई अधिकारी ध्यान दे रहा है और न ही कोई ठोस समाधान निकल रहा है। लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली संकट से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जेई ने बताया कि तापमान अधिक होने से फाल्ट की समस्या बनी है। इसमें सुधार कराया जा रहा है।