खाना बनाते समय आग की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। घटना कोतवाली क्षेत्र के अडरौना के टोला मल की है। हादसे के वक्त महिला घर में अकेली थी। वहीं सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाई।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के अडरौना के टोला मल में रविवार पूर्वाह्न 11 बजे राधिका देवी(55) रसोई गैस पर खाना बना रहीं थी। इस दौरान वह आग की चपेट में आ गईं। शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग जुटे तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। सिलिंडर में आग लगी देखकर कोई भी सिलिंडर फटने के डर से आग बुझाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस बीच आग की चपेट में आई महिला की मौत हो चुकी थी। मृत महिला के बेटे उदयभान (32) ने बताया कि घटना के वक्त वह खेत पर गया था।
लोगों द्वारा घर में आग लगने की सूचना पर वह घर पहुंचा। तब तक आग विकराल हो चुकी थी और उसकी मां की मौत हो चुकी थी। दमकल टीम ने आग बुझाई। वहीं गांव के लोगों चर्चा है कि सिलिंडर में गैस का रिसाव होने के कारण जब महिला ने चूल्हा जलाया इसी दौरान आग लग गई।
घटना की जानकारी मिलने पर कानूनगो शिवमुरारी लाल श्रीवास्तव, लेखपाल सुरेश शर्मा आदि मौके पर पहुंचे। इनकी मौजूदगी में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।