पडरौना। जिले के अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को लगी आग की घटनाओं में 650 से अधिक लोगों के घर जल गए। आग की घटनाएं घटते रहने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पूरे दिन दौड़ती रहीं। आग की घटनाओं में एक युवती भी झुलस गई जबकि 15 मवेशी भी झुलस कर मर गए। कुछ लोगों के खेत में खड़ी गेहूं की फसल भी जल गई। हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर आग की क्षति का आंकलन किया।
दुदही प्रतिनिधि के अनुसार बरवापट्टी और विशुनपुरा थानाक्षेत्र के दो गांवों में मंगलवार को दोपहर में खाना बनाते समय आग लगने से करीब 127 घर जल गए। इस घटना में 12 मवेशी भी झुलसकर मर गए। आग की चपेट में आने से 10 एकड़ खेत में खड़ी गेहूं की फसल भी जल गई। आग की चपेट में कुछ ऐसे लोगों के घर भी आ गए, जिनके यहां मांगलिक कार्यक्रम थे। आग में उनके घरों में रखे कीमती सामान और नकदी भी जल गई। बरवापट्टी थानाक्षेत्र के अमवादीगर बाजार टोले में मंगलवार को दिन में 11 बजे मंगल के घर खाना बन रहा था।
अचानक चूल्हे से चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। तेज पछुआ हवा से एक झोपड़ी से दूसरी झोपड़ी पर आग पहुंचते देर नहीं लगी। लोग अभी कुछ कर पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोग अपने घरों को जलते देख कुछ नहीं कर पाए और जान बचा का भागने लगे।
कुछ ही देर में आग से विश्वनाथ, मंगरू, फरी, रामाश्रय, गोरख, बहारन, हीरा, सीताराम, खजांती, नथुनी, इस्लाम, रघुनाथ, सतीश, रामाकांत शिवनाथ, भगत, अनिल, विनय, उमेश, हीरामन, लालमन, राघव, दूधनाथ, पहवारी, करीमन, मंगल, इंद्रसन, टुनटुन, सुरेश, मुनर, फूलकरीम, पारस वर्मा, बलिस्टर, गोपाल, लक्ष्मी समेत 125 लोगों के घर जल गए। हवा के साथ उड़ी चिंगारी गेहूं के खेत में गिरी और आग से 10 एकड़ गेहूं की फसल भी जल गई। आग फैलते हुए रामपुर बरहन गांव के टोले तक जा पहुंची।
जिससे यहां के दो लोगों के भी घर जल गए। लोगों के काफी प्रयास से काफी देर बाद किसी तरह से आग पर आग पर काबू पाया जा सका। जटहां बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विशुनपुरा ब्लॉक के चिरगोडा और हिरनही गांव में मंगलवार को दोपहर में कुछ देर के अंतराल पर लगी आग में 164 लोगों के घर जल गए। आग से चिरगोडा गांव की एक युवती भी झुलस गई। जबकि हिरनही गांव में तीन पशुओं की आग से झुलसकर मौत हो गई। आग की घटना में ढाई एकड़ गेहूं की फसल भी जल गई। चिरगोडा गांव में आग लगने के बाद लोगों ने कुओं और पंपिंग सेट चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
मौके पर पहुुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव रंजन, सीओ शशिशेखर सिंह, नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस मौके पर शाम तक बचाव कार्य में लगी रही। आग से बचने के लिए आसपास के कई गांव के लोग अपने-अपने घरों का सामान बाहर खेतों में निकाल लिए थे। चिरगोडा गांव में मंगलवार को करीब 11 बजे जवाहिर मद्देशिया के घर में चूल्हे पर कुछ बनाया जा रहा था। रसोई गैस सिलिंडर की पाइप में लीकेज के कारण आग लग गई और बगल में जाकर टाट में आग पकड़ लिया। हवा तेज थी जिसके कारण धीरे-धीरे आग पूरे गांव में फैल गई। आग की चपेट में आने से मुअली नाम की युवती झुलस गई। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया।
आग की घटना में संदीप, रामभवन, सुभाष, गुंजेश्वर, राजेस्वर, राजेंद्र, सुरेश, महाजन, सरवन समेत 112 लोगों के घर जल गए। वहीं मौके पर सदर विधायक व नेता विपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने पहुंचकर अधिकारियों से राहत कार्य के संबंध में बात की। हाटा प्रतिनिधि के अनुसार मोतीचक और हाटा विकास खंड के तीन गांवों में लगी आग में 50 से अधिक घर जल गए। आग से प्रभावित परिवाराें के सामने तन ढकने और पेट भरने की दिक्कत हो गई है। स्थानीय लोग पीड़ितों की मदद में लगे हुए हैं।
मोतीचक विकास खंड के मथौली बाजार के धूस टोले में मंगलवार को गेहूं के खेत में आग लग गई। खेत में लगी आग अभी लोग बुझा पाते तब तक आग ने ओमप्रकाश, रामप्रवेश, हरीलाल, चंद्रिका सहित आठ लोगों के घरों को भी चपेट में ले लिया। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकल कर भाग गए। गांव के लोगों के प्रयास से किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। आग की सूचना मिलने पर कप्तानगंज की पुलिस और एसडीएम हाटा जेपी गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। आग की दूसरी घटना जमुआन गांव की है।
जिसमें चार घर जल गए। दोपहर के समय रामआसरे के घर भोजन बन रहा था। चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। देखत ही देखते आग ने छोटेलाल सिंह, राम निवास सिंह, दिलीप सिंह की झोपड़ियों को भी चपेट में ले लिया। गांववालों के अथक प्रयास से एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में घरों में रखे सामान और नकदी जल गई। सोमवार की रात को हाटा कोतवाली के सकरौली गांव में दीपक से एक झोपड़ी में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने एक-एक कर रामप्रीत, नंदा, श्यामलाल, राधेश्याम, सूरज, लक्ष्मी, कन्हैया, सुखल, विजयी, हरिहर सहित करीब 38 घरों को चपेट में ले लिया। जिससे इन घरों में रखे सामानों सहित सभी झोपड़ियां जल गईं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी खराब होने से आग पर काबू पाने में काफी दिक्कत हुई।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार को थानाक्षेत्र के घुआटुकर में एक व्यक्ति के घर 11 बजे दिन में खाना बनाते समय निकली चिंगारी से लगी आग की चपेट में 38 लोगों के घर आ गए। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के लोगों ने किसी तरह से कड़ी मेहनत करके आग पर काबू किया। फाजिलनगर प्रतिनिधि के अनुसार पटहेरवा थानाक्षेत्र के गांव अशोगवां खुर्द में मंगलवार को लगी आग में तीन लोगों की झोपड़ियां जल गईं। कसया प्रतिनिधि के अनुसार तहसील के परसौनी मुकुंदहा दो झोंपड़ियां जल गईं।