अमर उजाला ब्यूरो पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के पड़री गांव के कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर मंगलवार की सुबह दो वर्गों के लोग आमने-सामने हो गए। मामला आगे बढ़ता, तब तक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना मिलने पर एसडीएम कप्तानगंज भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद लोग शांत हुए। इसके बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
पड़री गांव में कब्रिस्तान स्थित है। इसमें गांव के लोग शव दफनाते है। दूसरे वर्ग के कुछ लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान में चार कट्ठा जमीन उनकी भी है। इसे लेकर दोनों वर्गों में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार को सुबह दोनों वर्गों के लोग एक बार फिर आमने सामने हो गए। पड़री निवासी सोनल अंसारी पुत्र हबीब (45) की सोमवार की रात मौत हो गई। उनका शव दफनाने के लिए लोग मंगलवार की सुबह कब्रिस्तान में पहुंचे। बताया जा रहा है कि भूमि विवादित होने के कारण एक पक्ष के लोगों ने शव को दफनाने से रोक दिया। इसके कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसकी सूचना मिलते ही पडरौना के कोतवाल विजय राज सिंह के साथ मिश्रौली के चौकी इंचार्ज रामचंद्र यादव, कांस्टेबल अखिलेश यादव सहित काफी संख्या में पुलिस बल पहुंच गए। कोतवाल की सूचना पर एसडीएम कप्तानगंज त्रिभुवन कुमार भी पहुंचे। विवादित स्थल का जायजा लेने के बाद दोनों वर्गों के लोगों से बात की और जमीन की पैमाइश कराकर जल्द ही विवाद हल कराने का आश्वासन दिया। तब तक के लिए दोनों वर्गों के लोगों से लिखित सुलहनामा लिया गया कि कोई पक्ष विवाद नहीं करेगा। उसके बाद गांव के लोग शांत हुए।
कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि दूसरा पक्ष कब्रिस्तान में चार कट्ठा जमीन अपनी बता रहा है। वहीं इस मामले को लेकर एक पक्ष न्यायालय गया है। बहरहाल, गांव के दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया है। शव दफना दिया गया। इस दौरान हियुवा के जिला महामंत्री फूलबदन कुशवाहा सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।