फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस की चपेट से बाइक सवार दो की मौत

विज्ञापन
बस के नीचे फंसी बाइक। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
तमकुहीराज। तरयासुजान क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित तमकुहीराज तहसील गेट के सामने सोमवार को लग्जरी बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उस दौरान भीड़ की बस चालक से हाथापाई हुई। उसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से चालक को छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। 
विज्ञापन

क्षेत्र के तरया हरकेश गांव निवासी 65 वर्षीय जानकी ठाकुर अपने गांव के 18 वर्षीय गोलू के साथ मुकदमे की पैरवी में तमकुहीराज तहसील जा रहे थे। बाइक गोलू चला रहा था। जानकी ठाकुर पीछे बैठे थे। जैसे ही लोग तहसील गेट के सामने पहुंचे, वैसे ही गोरखपुर की तरफ से तेज रफ्तार से गुजरी लग्जरी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे जानकी ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और बस चालक से हाथापाई शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और भीड़ की चंगुल से बस चालक को छुड़ाया। इधर, पुलिस आनन-फानन घायल जानकी ठाकुर को लोगों की मदद से सीएचसी तमकुही पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर  दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में वृद्ध जानकी ठाकुर की भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे मेें ले लिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अरविंद कुमार, सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार एसपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी जुटाई। एसडीएम ने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और शासन की ओर से दी जानी वाली सहायता प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया। चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि बस और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।   
क्षेत्र के राजमंगल ठाकुर ने बताया कि तहसील गेट के पास अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। यहां सड़क कुछ मुड़ी हुई है। इससे लोगों को सामने से आ रही गाड़ियां दिखाई नहीं देती हैं। वहीं सड़क पर चलने वाली लग्जरी बस के चालक अपने वाहनों की गति भी कम नहीं करते हैं। ग्राम प्रधान नियामतुल्लाह, बलिराम गुप्ता, राजेश जायसवाल, धर्मेद्र, अशोक पटेल आदि ने इस स्थान पर वाहनों की गति कम करने के लिए आवश्यक उपाय किए जाने की जरूरत जताई। 
विज्ञापन


इधर पीड़ित परिजन बेहाल, उधर यात्री परेशान
तमकुहीराज।  फोरलेन पर तमकुहीराज तहसील गेट के पास हुए हादसे में दो लोगों की मौत से कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इधर, हादसे के बाद चालक और बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जिसकी वजह से गर्मी में भूूख और प्यास से यात्री परेशान रहे। घटना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस दिल्ली से बिहार जाने वाली बसों में बैठा कर यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया।   
दिल्ली से बिहार जा रही सवारियों से भरी लग्जरी बस की चपेट मेें आने से तमकुहीराज तहसील गेट के सामने बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। भीड़ और चालक में बढ़ी तकरार के बाद स्थिति को तो पुलिस ने किसी तरह नियंत्रित कर लिया, लेकिन यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। बस से मुजफ्फरपुर जा रहे राजेश मंडल का कहना था कि रविवार को वे लोग शाम पांच बजे ही बस में सवार हो गए थे। उम्मीद थी कि दो घंटे में मुजफ्फरपुर पुर पहुंच जाएंगे, लेकिन इस हादसे के चलते अब समय से नहीं पहुंच पांएंगे। मोतिहारी जा रहे प्रियेश का कहना था कि गलती बस चालक की ही थी। बस की रफ्तार काफी तेज थी। यात्रियों के मना करने के बावजूद चालक गति कम करने को तैयार नहीं था। घंटों परेशान रहने के बाद चौकी प्रभारी तमकुहीराज संजय कुमार ने बस में सवार सभी यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य को भेजने की व्यवस्था की। उसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें