थाना क्षेत्र के खोटही गांव में होली के दिन पुलिस और गांववालों के बीच हुई मारपीट एवं पथराव के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान के पति और उनके जेठ को गिरफ्तार कर लिया।
उस घटना में तत्कालीन एसओ की तरफ से प्रधान के पति सहित 23 नामजद और 250 अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उन्हें मंगलवार की भोर में रामबाग चौराहे से गिरफ्तार कर किया। दोनों को जेल भेज दिया गया। होली के दिन दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं।
तत्कालीन एसओ सौदागर राय ने प्रधान के पति बैजनाथ साहनी और जेठ ओमप्रकाश साहनी सहित तेइस नामजद तथा ढाई सौ अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की कार्रवाई के कारण काफी दिनों तक ढेर सारे लोग घर छोड़कर फरार थे।
पुलिस ने पकड़े गए 29 लोगों को जेल भेज दिया था। दो अन्य आरोपी मंगलवार को गिरफ्तार कर लिए गए। एसओ अनिल सिंह ने बताया कि इस मुकदमे के मुख्य आरोपी बैजनाथ साहनी और उनके भाई ओमप्रकाश साहनी अभी तक फरार थे, जिन्हें रामबाग चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।