खिड़की पर लगे लोहे के छड़ और रोशनदान की जाली काट िददिया।
- फोटो : अमर उजाला
तुर्कपट्टी। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के रुदवलिया बाजार में स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक में रविवार की रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। बैंक में चोरी के लिए तीन माह में चोरों ने दूसरी बार यह प्रयास किया है।
सपहा-तुर्कपट्टी मार्ग पर स्थित रुदवलिया बाजार में एक राष्ट्रीयकृत बैंक है। बैंक की दीवार पुरानी और जर्जर है। शनिवार को बैंक बंद करने के बाद कर्मचारी जब सोमवार को ड्यूटी पर पहुंचे तो खिड़की पर लगे लोहे के छड़ और रोशनदान की जाली कटी देखी।
हालांकि चोर बैंक के अंदर घुसने में सफल नहीं हो पाए थे। बैंक कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सुचना पुलिस और अपने अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत से बड़ा पेचकस बरामद किया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि रविवार की रात पुलिस का सायरन सुनकर तीन लोगों को भागते देखा गया लेकिन यह अंदाज नहीं लग पाया कि वह बैंक में चोरी के लिए गए थे। तीन माह पूर्व भी इसी बैंक में चोरी का प्रयास हुआ था। चोरों ने दो जगह से बैंक की दीवार र्की इंट निकालकर अंदर चले गए लेकिन सायरन बजने से वह घबराकर भाग गए थे।
उस दौरान बैंक के अधिकारियों ने दीवार को मजबूत करने और बैंक को कहीं और शिफ्ट करने की बात कही थी। इस बीच रविवार की रात चोरों एक बार फिर बैंक में चोरी का असफल प्रयास किया।
इस संबंध में तुर्कपट्टी थाना प्रभारी अनिल दुबे का कहना था कि बैंक की तरफ से चोरी के प्रयास की तहरीर नहीं मिली है। हालांकि बैंक के कर्मचारियों ने इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। स्वॉट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। चोरी के प्रयास के मामले का जल्द पर्दाफाश करेंगे।