थाना क्षेत्र के ग्राम हरचंदापुर मोड़ के पास प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरैया निवासी राज कुमारी (50) पत्नी अखिलेश मिश्रा सोमवार सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम समायन रिश्तेदारी में पति के साथ बाइक से जा रही थी। ग्राम हरचंदापुर मोड के पास सामने से आ रही प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अखिलेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन सूचना पर पहुंचे प्रभारी इंचार्ज रमाशंकर सरोज ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। बाइक चलाते समय अखिलेश मिश्रा ने हेलमेट नहीं लगाया था। अखिलेश के सिर में गंभीर चोंटे आई हैं। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक बस समेत भाग गया।
साइकिल सवार घायल
शहर के मोहल्ला आर्यनगर निवासी आदित्य प्रकाश (55) पुत्र राधेश्याम को अनियंत्रित गति से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन घायल को निजी अस्पताल भर्ती कराया। घायल का उपचार जारी है।