पडराैना। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरकहवा में स्थित हड़हवा पुल पर बुधवार की रात एक ट्रैक्टर पलट गया। इसके नीचे दब जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली। वह ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिहार प्रांत के नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनपुर गांव के निवासी विक्रम उराव का 32 वर्षीय पुत्र अराव उराव एक पखवारे से छितौनी-तमकुही रेलमार्ग के लिए ट्रैक्टर से मिट्टी भराई का कार्य कर रहा था। वह रात में करीब 11 बजे बिहार के मंझरिया से छितौनी की तरफ ट्रैक्टर ट्राली लेकर आ रहा था। साथ में ट्रैक्टर पर एक अन्य व्यक्ति भी बैठा था। नरकहवा-छितौनी मार्ग पर स्थित हड़हवा पुल पर चढ़ान के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
चालक ने तो ट्रैक्टर से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचा ली और वहां ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया, लेकिन दूसरे व्यक्ति की ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से उसकी मौत हो गई। उसके शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। ट्रैक्टर को पुलिस थाने लेकर चली गई, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।