तमकुहीराज। मुख्य मार्ग पर नामांकन के लिए बृहस्पतिवार को लगे जाम को हटवाने के दौरान कुछ लोगों की तरफ से चौकी प्रभारी पर हमला किए जाने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर तीन लोगों शुक्रवार को जेल भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को दूसरे चरण के नामांकन के पहले दिन कस्बे में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के कारण जाम लगा हुआ था। जाम हटाने के दौरान चौकी प्रभारी पर सीमावर्ती ग्राम बिहार खुर्द के प्रधान पद के एक प्रत्याशी के काफिले के साथ चल रहे कुछ लोगों ने शिवमंदिर के पास हमला कर दिया था।
इस मौके पर ही लोगों ने बिहार के ग्राम सपहिया थाना गोपालपुर जिला गोपालगंज निवासी अशोक और ग्राम गोपालपुर थाना गोपालगंज निवासी मनोज को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर तरयासुजान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर प्रधान पद के प्रत्याशी समेत तीन लोगों को जेल भेज दिया।
पुलिस अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में जुट गई है। क्षेेत्राधिकारी तमकुहीराज श्रीशचन्द्र का कहना है कि उक्त घटना में छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया हैं। इनमें से तीन को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।