पडरौना। नगर के अति व्यस्त सुबाष चौक की पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित दो दुकानों में मंगलवार की रात भीषण चोरी हो गई। सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो टूटा शटर देखकर सन्न रह गए। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। नगर के रामकोला रोड पर दिनेश चौरसिया की मोबाइल की दुकान है। दुकान के पीछे ही इनका मकान भी है।
बुधवार की भोर में दुकानदार घर से बाहर निकले तो दुकान का शटर उठा देखकर सन्न रह गए। चोरों ने दुकान में रखे सारे मोबाइल हैंडसेट, दो लैपटॉप समेत अन्य सभी सामान व कुछ नकदी चुरा लिए थे। लोग अभी चोरी के इस वारदात की चर्चा कर ही रहे थे तब तक पता चला कि मेन रोड पर पेट्रोल पंप के बगल में स्थित मधु अग्रवाल के पंपिंगसेट की दुकान का शटर उठाकर वहां से भी मोटर और कुछ नकदी चोरी हो गए हैं।
पीड़ितों ने घटना की सूचना और तत्काल कार्रवाई के लिए बहुत देर तक 100 नंबर पर डॉयल किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। इस संबंध में एसएसआई रमेश सिंह यादव ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।