हाटा (कुशीनगर)(ब्यूरो)। किसान महाविद्यालय पैकौली के सामने बुधवार को देर रात डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग से टकराकर बाइक सवार का सिर कट जाने से उसकी मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठे दूसरे युवक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
हाटा कोतवाली के गांव सकरौली के रहने वाले 23 वर्षीय जितेंद्र साहनी बुधवार को रात में अपने बहनोई को बाइक से उनके घर पहुंचाने के लिए चौरीचौरा के पास गए थे। वहां से रात को ही वह लौट पड़े।
उनके साथ उनका साथी संतोष भी था। ये लोग करीब 12 बजे हाटा कोतवाली के पैकौली गांव के सामने पहुंचे थे तभी किसी चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से ठोकर मार दी। जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
इस दौरान जितेंद्र की गर्दन डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग से टकराकर कट गई। बाइक के पीछे बैठे संतोष को हल्की चोट आई। जितेंद्र की हालत देख संतोष बदहवास हो गया।
उसने तुरंत गांव के कुछ लोगों और पुलिस को फोन पर सूचना दी। कुछ देर में पुलिस और गांव के लोग पहुंचे। शव को पुलिस ने सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।