दुदही। बुधवार की सुबह करीब छह बजे मक्का की फसल उखाड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना में दोनों पक्ष से कई लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लाया गया।
जहां इलाज के बाद तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। विशुनपुरा थानाक्षेत्र के बतरौली धुरखडवा निवासी महावीर से गांव के ही कुछ लोगों से काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा है। विवादित जमीन में मक्का की फसल बोई गई है।
बुधवार को सुबह कई लोग खेत में पहुंचकर मक्का उखाड़ने लगे। महावीर ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्ष में कहासुनी होने लगी। इसी बीच महावीर के घर के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
विवाद बढ़ने पर कहासुनी मारपीट में बदल गई। मारपीट की घटना में एक पक्ष के महावीर 50 वर्ष, रामप्रवेश 35 वर्ष, संतोष 30 वर्ष, सुगान्ती 45 वर्ष, राधिका 40 वर्ष, शांति 50 वर्ष और दूसरे पक्ष के दो लोग मैनेजर 40 वर्ष और कांती 30 वर्ष घायल हो गईं।
सभी घायलों को सीएचसी दुदही लाया गया। जहां से संतोष, शांती और महावीर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक का कहना है कि सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।