कसया थाना क्षेत्र के बनवारी टोला चौराहे के समीप कसया-देवरिया मार्ग पर रविवार की सुबह एक मालवाहक वाहन की चपेट में आने से सवारी से भरा टेंपो पलट गया। इससे पांच लोग घायल हो गए। इसी बीच पीछे से आ रहा बाइक सवार भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। यहां गंभीर हालत में दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार तरकुलवा से सवारी भरकर टेंपो कसया की ओर आ रहा था। बनवारी टोला चौराहे के समीप एक मालवाहक वाहन की चपेट में आने से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार कन्हवलिया भरत राय निवासी गनेश उम्र 62 वर्ष, मठिया रत्ती की लक्ष्मीना उम्र 58 वर्ष, दुखी उम्र 60 वर्ष, बरवां सेमरा की शिवानी देवी उम्र 28 वर्ष और विपत्त उम्र 55 वर्ष निवासी अहिरौली घायल हो गए।
इसी दौरान पीछे से आ रहा बाइक सवार रामनयन यादव निवासी तरकुलवा उम्र 53 वर्ष अनियंत्रित होकर टेंपो से टकराकर घायल हो गया। जबकि मालवाहक वाहन का चालक मौके का फायदा उठाते हुए गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने निजी वाहन से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचवाया। इलाज के दौरान गनेश और लक्ष्मीना की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।