पडरौना/तमकुहीराज। तरयासुजान थाना क्षेत्र के तुलसीपट्टी गांव में बृहस्पतिवार की रात नाश्ते के दौरान अचानक बीमार पड़े 40 से अधिक लोगों के बारे में सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम शनिवार को गांव में पहुंची। विभागीय अधिकारियों ने गांव के लोगों की मौजूदगी में आरोपी मिष्टान्न व्यवसायी को बुलवाया और पूछताछ की। इसके बाद मिठाई का नमूना लिया और दुकानदार को कड़ी हिदायत देकर लौट आई।
तुलसीपट्टी गांव के रहने वाले रघुनाथ यादव की पुत्री की बारात बृहस्पतिवार की रात में आई थी। बिहार के गोपालगंज जनपद अंतर्गत सिधवनिया थाना क्षेत्र के झाझवा निवासी गौरीशंकर यादव के घर से आई इस बारात में काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे। द्वारपूजा के बाद जैसे ही बारातियों और अन्य मेहमानों को नाश्ता दिया गया, नाश्ते में मिली मिठाई (राजभोग) खाते ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। दोनों तरफ के 40 से अधिक लोगों को उल्टी-दस्त होने लगा। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन सभी लोगों को बारात में आए वाहनों से तमकुहीराज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। कुछ लोगों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि शेष लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुबह तक इन लोगों की हालत में भी सुधार होने पर डॉक्टर ने दवा देकर घर भेज दिया था। वह मिठाई तिनफेड़िया बाजार की एक दुकान से मंगाई गई थी।
शनिवार को तुलसीपट्टी गांव में पहुंचे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहीत अधिकारी रामअवतार सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने दुकानदार से पूछताछ की। दुकानदार ने बताया कि राजभोग बनाने के लिए दूध में पाउडर मिलाया गया था। बहरहाल, मिठाई के नमूने ले लिए गए हैं तथा दुकानदार को हिदायत भी दे दी गई है कि फिर ऐसी गलती कभी न करे। डीओ के साथ तमकुही के खाद्य निरीक्षक विजय प्रताप सिंह भी मौजूद थे।