खड्डा/छितौनी। छितौनी-बगहां रेल पुल के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समितियों के लोगों में मारपीट हो गई।
दोनों तरफ से तलवारें चलने लगीं। इससे सात लोग घायल हो गए। घायलों को खड्डा सीएचसी ले जाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद कुछ लोगों ने पनियहवा तिराहा पर एनएच को जाम कर दिया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
खड्डा और हनुमानगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन छितौनी-बगहां रेल पुल के पास किया जा रहा था। विसर्जन करने पहुंचे पनियहवा और नेबुआ नौरंगिया के डीजे वालों में तेज साउंड में प्रतिस्पर्धा होने लगी।
बताया जा रहा है कि इस कंपटीशन में पनियहवा के लोग जीत गए। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी, जिसमें हाथ में तलवार लेकर प्रदर्शन कर रहे एक व्यक्ति ने हमला कर दिया।
इससे पनियहवा के संदीप, महेश और लट्टू घायल हो गए। इसके अलावा चार अन्य लोग डंडे से चोट लगने के कारण घायल हो गए। इस पर नाराज होकर इन युवकाें के गांव के लोग एनएन को पनियहवा तिराहे पर जाम कर दिए। पुलिस फोर्स कम होने के कारण पुलिस कुछ नहीं कर पा रही थी।
रास्ता जाम होने से कई मूर्तियाें का विसर्जन रुक गया था। काफी मान मनौवल के बाद सायं सात बजे पुलिस जाम समाप्त कराई। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। डीजे वाले वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। उसके बाद मूर्ति विसर्जन फिर शुरू हुआ।