धर्मेंद्र की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कच्ची शराब पीने से बुधवार सुबह एक शख्स की मौत से नाराज बसहिया बनवीरपुर गांव के लोगों ने पडरौना-तमकुही मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल ने नाराज लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। इससे करीब 40 मिनट तक आवागमन बाधित रहा।
बसहिया बनवीरपुर निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ गई। घर के लोग आनन-फानन इलाज के लिए उन्हें पडरौना के एक प्राइवेट चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कहा जा रहा है कि धर्मेंद्र कच्ची शराब पीने के आदी थे। बुधवार सुबह भी उन्होंने शराब पी थी। इससे नाराज गांव के लोगों ने गांव के सामने ही पडरौना-तमकुही मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।
लोगों की मांग थी कि प्रशासन कच्ची शराब को पूरी तरह से बंद कराए और इस अवैध धंधे में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। वहीं जाम की सूचना पर कोतवाल श्रीकांत राय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान कोतवाल ने कच्ची शराब के धंधेबाजों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। तक जाकर गुस्साए लोग माने।
वहीं पुलिस ने लोगों की सहमति से शव लोगों को सौंप दिया। वहीं धर्मेंद्र की मौत से उनकी पत्नी अनीता (35), पुत्र अंकित (10), पंकज (08), सोनू (06) और पुत्री निधि (04) बेसहारा हो गई हैं। इनके घर में कमाने वाला अब कोई नहीं बचा है। कोतवाल ने बताया कि कच्ची शराब के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। कई धंधेबाजों और भट्ठा मालिकों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है। अभियान आगे भी चलता रहेगा।