फाजिलनगर। विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट क्षेत्र के कई युवकों के रुपये और पासपोर्ट लेकर गायब है। पीड़ित युवकों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। युवकों का आरोप है कि पटहेरवा थानाक्षेत्र के राजा विशुनपुर गांव का एक एजेंट बड़हरा चौराहे पर दफ्तर खोलकर युवकाें को विदेश भेजने के नाम पर रुपये एेंठता था।
पटहेरवा थाने में अपना हस्ताक्षरयुक्त तहरीर देने वाले वासुकीनाथ जायसवाल, इरफ ान अली, आफ ताब अंसारी, नबी रसूल, गुलाब हसन, इमामुद्दीन, प्रमोद, नूरआलम आदि ने बताया कि आरोपी ने विदेश भेजने के लिए छ: माह पहले उन सभी का पासपोर्ट अपने पास जमा करा लिया।
उसके एक माह बाद सभी का मेडिकल कराने के बाद देश और वेतन के अनुसार प्रत्येक युवक से 60 हजार रुपये से लगायत एक लाख रुपये तक जमा करा लिया। उसके बाद जब भी युवक फ्लाइट की तिथि पूछते थे तो एक-एक सप्ताह का समय देकर टरकाता रहा। इसी बीच वह अपना दफ्तर बंद कर गायब हो गया। मोबाइल पर फोन करने पर कहता था कि वीजा लेने मुंबई गया है।
कुछ दिन बाद उसने फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया। दूसरे नंबर से बात करने पर भी कोई जवाब नहीं देता। इनका आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद आरोपी पर कार्रवाई नहीं कर रही है।