पिपरा बाजार। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खड्डा बुजुर्ग गांव के निकट हाइवे पर सोमवार की रात तिलक चढ़ाकर घर लौटते समय मार्ग दुर्घटना में लड़की के पिता की मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए। घायलों को गोरखपुर मेडिकल ले जाया गया। उनमें दो की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
सोमवार की रात वंशराज कुशवाहा, उनके बेटे रूदल, दामाद राजेश, गांव के ही श्रीनिवास शर्मा, राजेश कुशवाहा, रित्तू आदि रामकोला थानाक्षेत्र के गांव से वंशराज की बेटी का तिलक चढ़ाकर चार पहिया वाहन से घर लौट रहे थे।
गांव के ही रामसूचित वाहन चला रहे थे। बताया जाता है कि खड्डा बुजुर्ग गांव के समीप हाइवे पर वंशराज आदि के वाहन को दूसरे चार पहिया वाहन ने ओवरटेक किया, लेकिन फि र वाहन की गति धीमी कर दी।
तिलक से वापस लौट रहा तेज गति वाहन अगले वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अगला वाहन छिटककर हाइवे किनारे पेड़ से जा टकराया और दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए। दुर्घटना में पिता वंशराज की मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आईं। मौके पर जुटे लोगों ने सूचित किया तो एंबुलेंस और पुलिस पहुंची। घायलों को मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया, जिनमें से वाहन चालक रामसूचित और श्रीनिवास शर्मा की स्थिति गंभीर है।