हाटा। सोमवार को हाटा सीएचसी की ओपीडी में महिला चिकित्साधिकारी और तीमारदार से नोकझोंक हो गई। उसके विरोध में डॉक्टरों ने ओपीडी में इलाज ठप कर दिया। डॉक्टर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
महिला चिकित्साधिकारी मधु पासवान सुबह ओपीडी में बैठकर मरीजों का इलाज कर रही थीं। वहां कई मरीजों की लाइन लगी हुई थी। उसी समय पगरा गांव के रहने वाले पिंटू सिंह अपने परिवार की महिला को लेकर चेकअप के लिए गए थे। किसी बात पर महिला चिकित्साधिकारी और पिंटू सिंह के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते हुए वहां हंगामा होने होने लगा।
वहां मरीजों की भीड़ जुट गई। अगल-बगल के कक्षों में मरीज देख रहे डॉक्टर भी वहां पहुंच गए और पुलिस को फोन कर हंगामे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
घटना पर नाराजगी जताते हुए हाटा सीएचसी के सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ कोतवाली में पहुंच गए। वहां डॉ. मधु पासवान ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया युवक ने उनके कक्ष में घुसकर उन्हें अपशब्द कहा और मारने के लिए हाथ उठाया। इतना ही नहीं उसने ओपीडी का रजिस्टर भी फाड़ दिया।
पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हवालात में डाल दिया। इस संबंध में कोतवाल अतुल सिंह का कहना था कि सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी युवक गिरफ्तार हो चुका है।